IPL 2020: फील्ड पर पहाड़ का ‘नौना’, स्टू़डियो में पहाड़ की नौनी का धमाल

रुद्रप्रयाग की गलियों से निकलकर, बॉलीवुड का सफर करते हुए, एक चेहरा IPL 2020 तक पहुंच गया है। नाम है तान्या पुरोहित। IPL 2020 का आगाज हो चुका है। हमेशा की तरह इस बार भी IPL में उत्तराखंड के कई खिलाड़ी अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इसमें धोनी, रिषभ पंत और पवन नेगी जैसे प्लेयर शामिल हैं।

ये तो हो गई ऑन फील्ड की बात लेकिन अब जरा ऑफ फील्ड भी नजर दौड़ाइए। हर मैच के दिन स्टार स्पोर्ट्स पर आइए क्योंकि यहां पर मैच की अपडेट्स और इंटरव्यूज लेकर आपको नजर आती हैं तान्या पुरोहित।

तान्या पुरोहित IPL 2020 में स्टार स्पोर्ट्स की एंकर हैं और कोरोना काल में मुंबई से आपतक IPL की अपेडट्स पहुंचाने में जुटी हुई हैं। लेकिन तान्या का परिचय सिर्फ इतना भर नहीं है।

 

कौन हैं तान्या पुरोहित?
तान्या का नाता उत्तराखंड के उस परिवार से है, जिसने यहां की विरासत को संभालने में अहम भूमिका निभाई है। तान्या रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के क्वीली गांव की हैं। वर्तमान में वह अपने पति के साथ मुंबई में रहती हैं।

तान्या के पिता डॉ. डीआर पुरोहित गढ़वाल विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर हैं। हालांकि उनकी पहचान सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। दाता राम  पुरोहित ने उत्तराखंड की संस्कृति और रंगमंच को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई है। डी आर पुरोहित ही वो शख्स हैं, जिन्होंने जोशीमठ की उर्गम घाटी के मुखौटा नृत्य ‘रम्माण’ को यूनेस्को की नजर में लाया है।

तान्या के पति दीपक डोभाल भी एक न्यूज एंकर हैं। श्रीनगर से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले दीपक राज्यसभा टीवी में बतौर एंकर दिख चुके हैं। फिलहाल वह ज़ी बिज़नेस में एंकर के तौर पर शामिल हैं। तान्या की तरह ही दीपक भी रंगमंच से जुड़े रहे हैं।

बॉलीवुड में तान्या
तान्या वैसे तो बचपन से ही थियेटर करती आ रही हैं लेकिन बॉलीवुड में उनकी मजबूत शुरुआत NH-10 फिल्म से हुई है। फिल्म में तान्या ने अहम भूमिका निभाई है। इस फिल्म में उन्हें एक और उत्तराखंडी अभिनेत्री अनुष्का के साथ काम करने का मौका मिला। NH-10 के अलावा तान्या ने टेरर स्ट्राइक और कमांडो जैसी फिल्मों में काम किया है। सिर्फ यही नही, तान्या ने फ्लिपकार्ट और विजय सेल्स के लिए एडवरटाइजिंग में भी काम किया है।

एंकरिंग से तान्या का पुराना नाता
तान्या  कैरेबियन प्रीमियर लीग में भी एंकरिंग कर चुकी हैं। इसके अलावा द ड्रामा कंपनी यूट्यूब चैनल के लिए भी कुछ वीडियोज उन्होंने किए हैं। यानि कि तान्या रंगमंच से लेकर एंकरिंग के स्टेज तक, हर जगह छाई हुई हैं।

हम उम्मीद करते हैं कि आगे भी तान्या ऐसे ही तरक्की करती रहें और उत्तराखंड का नाम रोशन होता रहे। क्योंकि जब भी उत्तराखंडी चमकता है तो उत्तराखंड बढ़ता है।